एनपीटीआई में नवरात्रि की पहली शाम भव्य गरबा-डांडिया उत्सव का आयोजन

फरीदाबाद। सेक्टर-33 स्थित राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण प्रतिष्ठान (एनपीटीआई) कॉर्पाेरेट कार्यालय में नवरात्रि की पहली शाम पर भव्य गरबा-डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्सव में एनपीटीआई के अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों सहित सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गुजराती, बंगाली और बॉलीवुड गीतों की मनमोहक धुनों पर प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया खेलकर उत्सव का आनंद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एनपीटीआई के महानिदेशक एवं केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के सदस्य (ग्रिड ऑपरेशन एवं वितरण) हेमंत जैन, डॉ. इंदु माहेश्वरी, प्रधान निदेशक (प्रशिक्षण) तथा डॉ. वत्सला शर्मा, निदेशक (प्रशिक्षण) द्वारा मां दुर्गा के समक्ष पूजा-अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल रहा। गरबा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिसने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।

इस अवसर पर हेमंत जैन ने कहा कि नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिलता है। विशेष रूप से एमबीए (पावर मैनेजमेंट) 2026 बैच के विद्यार्थियों ने इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए पूरे दिन उत्साहपूर्वक तैयारियां कीं। उन्होंने कहा कि युवाओं में अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों के प्रति जागरूकता एवं लगाव देखकर प्रसन्नता होती है। ऐसे आयोजन संस्थान में आपसी सहयोग, सौहार्द और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने पारंपरिक गरबा गीतों पर गोल घेरे में नृत्य करते हुए उत्सव का भरपूर आनंद लिया। रंग-बिरंगे परिधानों, संगीत और उत्साह से सजे इस आयोजन ने नवरात्रि के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को जीवंत कर दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!