अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमके डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद के विद्यार्थी
रेलवे ट्रैक कर्मचारियों की सुरक्षा का नवाचार लेकर उद्योग जगत के दिग्गजों के बीच पहुंची डीपीएस की पहरा टीम

फरीदाबाद (मनीष शर्मा) : डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद की टीम पहरा ने मुंबई में आयोजित 20वें 3DEXPERIENCE फोरम इंडिया 2026 में अपने नवाचार का प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। 7 अक्टूबर को ला फोंडेशन दासो सिस्टम्स की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को देश के प्रमुख उद्योगपतियों, कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों के सामने अपना प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने का अवसर मिला। डीपीएस ग्रेटर फरीदाबाद के प्रो-वाइस चेयरमैन रोहित जैनेंद्र जैन और प्रधानाचार्य डॉ. बिंदु शर्मा ने टीम को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी समस्या के समाधान के प्रयासों की सराहना की।

टीम की ओर से जिनिशा जैन, गोकरण सूरी और शिक्षिका गीता मेहता ने मंच पर प्रस्तुति दी। टीम ने ‘मेड इन 3डी-सीड द फ्यूचर एंटरप्रेन्योर प्रोग्राम’ के तहत विकसित ‘पहरा’ परियोजना की जानकारी साझा की। यह नवाचार रेलवे ट्रैक पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का समाधान तलाशने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। विद्यार्थियों ने परियोजना के पीछे की सोच और इसे विकसित करने के अपने अनुभव भी साझा किए।

फोरम में दासो सिस्टम्स इंडिया के प्रबंध निदेशक दीपक एनजी, महिंद्रा एंड महिंद्रा की मुख्य डिजिटल परिवर्तन अधिकारी आरती सिंह, एशियन पेंट्स के उपाध्यक्ष एवं सीआईओ आशीष खेतरी सहित उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य कृष्णमाचारी श्रीकांत ने भी टीम पहरा को बधाई दी। उनका प्रोत्साहन विद्यार्थियों के लिए यादगार रहा।
कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), वर्चुअल ट्विन और 3डी तकनीक के औद्योगिक उपयोग पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों को विशेषज्ञों से संवाद करने और अपने विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदलने की प्रक्रिया समझने का अवसर मिला।



