इंस्टाग्राम पर स्टेच्यू बनाने की रील देखकर महिला हुई साइबर ठगी का शिकार, 32,680 रुपये की धोखाधड़ी, आरोपी खाताधारक गिरफ्तार

स्टेच्यू बनवाने के नाम पर व्हाट्सएप के जरिए महिला से ठग लिए रुपये, साइबर थाना बल्लभगढ़ की कार्रवाई

फरीदाबाद : सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापनों और रील के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने इंस्टाग्राम पर स्टेच्यू बनाने की रील दिखाकर महिला से 32,680 रुपये की ठगी करने के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमन लाल निवासी अनीता विहार, जयपुर के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विष्णु कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी एक महिला ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 15 अक्टूबर को वह इंस्टाग्राम पर रील देख रही थी। इसी दौरान उसे स्टेच्यू बनाने से संबंधित एक रील दिखाई दी। रील के नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उसकी एक व्हाट्सएप नंबर के जरिए बातचीत शुरू हो गई। बातचीत के दौरान ठगों ने उसे स्टेच्यू बनवाने का झांसा दिया और अलग-अलग तरीके से अपने विश्वास में लेकर उससे 32,680 रुपये ट्रांसफर करवा लिये।

महिला की शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते की जानकारी जुटाई और खाते के खाताधारक रमन लाल को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रमन लाल के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 31,330 रुपये प्राप्त हुए थे। आरोपी बीपीटी की पढ़ाई कर रहा है।

फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी अनजान सोशल मीडिया लिंक पर क्लिक करने से बचें। ऑनलाइन खरीदारी या किसी प्रकार की बुकिंग करने से पहले संबंधित व्यक्ति एवं संस्था की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर एडवांस भुगतान न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर *1930* पर शिकायत दर्ज करवाएं अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!