राष्ट्रीय एकता दिवस पर फरीदाबाद में उमड़ा उत्साह, ‘रन फॉर यूनिटी’ के जरिए दिया एकता और फिटनेस का संदेश, 600 पुलिस कर्मचारियों ने लिया भाग
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर एवं पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

- फरीदाबाद पुलिस की मुस्तैद सुरक्षा एवं बेहतर यातायात व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई हाफ मैराथन
फरीदाबाद 31 अक्टूबर : राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सेक्टर 12 फरीदाबाद में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के साथ-साथ आमजन को स्वस्थ जीवनशैली एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

केंद्रीय राज्य मंत्री, भारत सरकार, कृष्णपाल गुर्जर एवं पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र कुमार गुप्ता, आईपीएस ने हरी झंडी दिखाकर ‘रन फॉर यूनिटी’ को रवाना किया। इस अवसर पर जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा तथा पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्रि कौशिक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
‘रन फॉर यूनिटी’ में शामिल प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से एकता, अनुशासन, आपसी भाईचारे और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। आयोजन के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। मैराथन का उद्देश्य लोगों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ समाज में एकता और सौहार्द की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित करना रहा। फरीदाबाद पुलिस की तरफ से भी 600 पुलिस कर्मचारियों ने ‘रन फॉर यूनिटी’ में हिस्सा लिया।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर फरीदाबाद पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक प्रबंध किए गए थे। मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की निगरानी की गई, जिससे प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। इस दौरान 300 से अधिक पुलिस कर्मचारी ड्युटियों पर तैनात रहे।
फरीदाबाद पुलिस की सतर्कता, बेहतर समन्वय एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन के चलते कार्यक्रम का शांतिपूर्ण एवं सकुशल समापन हुआ।



