फरीदाबाद पुलिस का 12वां वीकेंड अभियान, 3 दिन में 116 आरोपी गिरफ्तार
22.720 किलोग्राम गांजा, 4 देसी कट्टा, एक कारतूस, 183 बोतल देसी शराब, व जुआ के 147450/- रुपए बरामद

- 27 उद्घोषित अपराधियों व जमानत पर फरार आरोपियों पर भी कार्रवाई, 22 गुमशुदा लोगों को परिजनों से मिलाया
फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराधियों पर शिकंजा कसने और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए विशेष वीकेंड अभियान के माध्यम से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलाए गए तीन दिवसीय इस अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में 116 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही 22.720 किलोग्राम गांजा, 4 देसी कट्टा, एक कारतूस, 183 बोतल देसी शराब, व जुआ अधिनियम के अंतर्गत 147450/- रुपए बरामद किये हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों, अपराध शाखाओं और विशेष टीमों ने कार्रवाई करते हुए अपराधियों, नशा तस्करों, अवैध शराब बेचने वालों तथा जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ शिकंजा कसा ही है। साथ ही 22 गुमशुदा व्यक्तियों को भी तलाश कर परिजनों से मिलाया है।
विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए 22.720 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, वहीं 183 बोतल देसी शराब, 5 बोतल अंग्रेजी शराब भी बरामद की है।
उन्होंने आगे बताया कि फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं की टीम ने अवैध हथियारों पर कार्रवाई करते अभियान के दौरान 4 देसी कट्टा व एक कारतूस बरामद किया है। इसी प्रकार जुआ खेलने वालों पर कार्रवाई करते हुए 11 लोगों गिरफ्तार कर 1,47,450/- रुपए बरामद किये हैं।
उन्होंने और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान उद्घोषित अपराधियों और जमानत पर फरार आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई से कानून से बचकर घूम रहे 27 आरोपितों पर शिकंजा कसने में मदद मिली।
फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि अपने आसपास किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम नंबर *9999150000, **0129-2227200* अथवा *डायल 112* पर संपर्क किया जा सकता है। समय पर दी गई सूचना से पुलिस को प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलती है।



