बल्लभगढ़ के होटल में महिला की गला घोंटकर हत्या, खर्चे के लिए पैसे मांगने पर हुआ था विवाद

अपराध शाखा DLF ने आरोपी को किया गिरफ्तार, पहले हाथों से दबाया गला, फिर साड़ी से घोंटकर ली जान

फरीदाबाद : बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी स्थित एक होटल में महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले में फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा DLF ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि महिला द्वारा खर्चे के लिए पैसे मांगने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद में आरोपी ने पहले महिला का हाथों से गला दबाया और फिर उसकी साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी होटल से फरार हो गया था।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 1 नवंबर को थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत चावला कॉलोनी स्थित एक होटल के संचालक सागर निवासी संजय कॉलोनी ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 31 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे शेखर कुमार निवासी जिला मुंगेर, बिहार तथा मुंगेर, बिहार निवासी एक महिला होटल में आए थे। दोनों ने होटल में कमरा लिया था।

दोपहर करीब 2 बजे वह व्यक्ति खाना लेने जाने की बात कहकर होटल से बाहर चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसी दिन रात करीब 9:30 बजे होटल के सफाई कर्मचारी ने कमरे में जाकर देखा तो महिला मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शिकायत के आधार पर थाना शहर बल्लभगढ़ में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी अपराध शाखा DLF को सौंपी। अपराध शाखा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 नवंबर को आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब चार साल पहले काम की तलाश में फरीदाबाद आया था और सिकरी में किराये पर रहने लगा था। मृतका और आरोपित एक ही बिल्डिंग में ऊपर नीचे रहते थे। इसी दौरान करीब दो साल पहले दोनों की जान-पहचान हुई थी।

31 अक्टूबर को दोनों चावला कॉलोनी स्थित होटल में पहुंचे थे। वहां महिला ने आरोपी से खर्चे के लिए पैसे मांगे, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले महिला का हाथों से गला दबाया और बाद में उसकी साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह होटल से फरार हो गया था।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपित ने होटल में रुकने के लिए अपनी आईडी ना दिखाकर, अपने गांव के ही एक शेखर नाम के व्यक्ति का पहचान पत्र दिखाकर एंट्री कराई थी। पुलिस द्वारा आरोपी को कल माननीय अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!