मसाज पार्लर में रेड मार पुलिस ने देहव्यापार का भंडाफोड़ किया, 4 युवतियों और 6 युवकों को किया गिरफ्तार

रोहतक ! रोहतक में रात को पुलिस ने एक मसाज पार्लर पर रेड करके देहव्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने यहां से 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 6 युवक हैं तो 4 युवतियां भी शामिल हैं। पार्लर को एक युवक और युवती मिलकर चला रहे थे, जिन्होंने वहां पर देह व्यापार के लिए अलग-अलग केबिन बना रखे थे। फिलहाल इन सभी के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
थाना अर्बन एस्टेट के प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर ने बताया कि उन्हें सोमवार रात पैसिफिक मॉल में स्थित एक मसाज पार्लर में देहव्यापार चल रहा होने की सूचना मिली थी। इस पर महिला पुलिस कर्मियों को साथ लेकर विशेष टीम बनाई गई। टीम ने वहां छापेमारी की तो पार्लर में भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके से चार युवतियों और छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही कई आपत्तिजनक चीजें भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार पार्लर का मालिक राकेश है, जो एक अन्य युवती के साथ मिलकर इसे चलाता है। आरोपी काफी समय से मसाज पार्लर की आड़ में देह व्यापार के धंधे को चला रहे थे। अन्य युवकों की पहचान गौरव, वरुण, निखिल और योगेश के रूप में हुई। पकड़ी गई युवतियां में तीन रोहतक की अलग-अलग कॉलोनी की रहने वाली हैं, जबकि एक कलानौर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पुलिस ने आरोपितों को कोर्ट में पेश किया। जहां पार्लर संचालक युवक और युवती को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि अन्य युवक-युवतियों को जमानत मिल गई।



