बैंक में दिनदहाड़े लूट !

नोएडा ! ग्रेटर नोएडा के सिग्मा सेक्टर स्थित इंडियन बैंक पर शाम साढे़ तीन बजे के करीब हथियारबंद तीन बदमाशों ने धावा बोला और बैंक के कैशियर और वहां मौजूद एक ग्राहक साथ मारपीट करके तीन लाख 90 हजार रुपये नगद लूट लिए। बदमाशों ने विरोध करने पर गार्ड के साथ भी मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

अपर पुलिस आयुक्त लव कुमार ने बताया कि बीटा-2 थाना क्षेत्र के सिग्मा सेक्टर में इंडियन बैंक है। वहां पर मंगलवार शाम साढे़ तीन बजे के करीब हथियारबंद तीन बदमाश आए। बदमाशों ने बैंक में घुसते ही हथियार के बल पर कैशियर को कवर कर लिया, तथा उसके साथ मारपीट करके दो लाख 16 हजार रुपये लूट लिए। उन्होंने बताया कि बैंक में पैसा निकालने आए एक ग्राहक से भी बदमाशों ने हथियार के बल पर एक लाख 74 हजार रुपये की लूट की। उन्होंने बताया कि जब गार्ड ने बदमाशों का विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया।

आयुक्त ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से बदमाशों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!