एमएएफ के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के नवपदस्थ डीसी आयुष सिन्हा से शिष्टाचार भेंट की

फरीदाबाद (मनीष शर्मा) : एमएएफ (मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन फरीदाबाद) के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के नवपदस्थ डिप्टी कमिश्नर (डीसी) आयुष सिन्हा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रधान सुखदेव सिंह, महासचिव रामणीक प्रभाकर, वशिष्ट सदस्य सी एल जैन, उपाध्यक्ष सुनील सचदेवा व एमएएफ के प्रतिनिधियों द्वारा आयुष सिन्हा, डिप्टी कमिश्नर, फरीदाबाद को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर आत्मीय एवं सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। भेंट के दौरान जिले के औद्योगिक परिदृश्य, उद्योगों के समक्ष वर्तमान चुनौतियाँ, निवेश की संभावनाएँ तथा भविष्य की औद्योगिक विकास योजनाओं पर विस्तार से सार्थक चर्चा की गई।
एसोसिएशन के प्रमुखों ने जिले में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण सृजित करने, Ease of Doing Business को और अधिक सुदृढ़ करने, लंबित औद्योगिक प्रकरणों के त्वरित समाधान तथा नए निवेशकों को आकर्षित करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्थानीय उद्योगों के विस्तार के माध्यम से रोजगार सृजन एवं क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति देने के विषय पर भी अपने विचार साझा किए।
एमएएफ के प्रधान सुखदेव सिंह ने कहा कि ‘‘मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन फरीदाबाद जिला प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन एवं उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान हेतु सक्रिय भूमिका निभाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।’’

एमएएफ के महासचिव रामणीक प्रभाकर ने कहा कि ‘‘प्रशासन एवं उद्योग जगत के बीच मजबूत संवाद और सहयोग के माध्यम से फरीदाबाद को एक अग्रणी औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। एसोसिएशन उद्योगों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी रूप से रखने तथा उनके समाधान में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।’’
एमएएफ के वाइस प्रेसिडेंट सुनील सचदेवा ने कहा कि ‘‘जिला प्रशासन के सकारात्मक दृष्टिकोण और उद्योग-अनुकूल नीतियों से फरीदाबाद में निवेश का वातावरण और अधिक सशक्त होगा। एमएएफ इस दिशा में प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने के लिए तत्पर है।’’
एमएएफ के विशिष्ट सदस्य सी. एल. जैन ने कहा कि ‘‘स्थानीय उद्योगों को सशक्त बनाने एवं आधारभूत सुविधाओं में सुधार से फरीदाबाद को एक आधुनिक औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जा सकता है। एसोसिएशन इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।’’
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर आयुष सिन्हा ने फरीदाबाद के उद्योगों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और कहा कि ‘‘फरीदाबाद का औद्योगिक आधार अत्यंत सशक्त है। जिला प्रशासन उद्योगों की समस्याओं के समाधान, निवेश प्रोत्साहन तथा Ease of Doing Business को बेहतर बनाने के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। प्रशासन और उद्योग जगत के समन्वय से जिले को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाया जाएगा।’’
अंत में एमएएफ प्रतिनिधिमंडल ने आयुष सिन्हा को उनके नवीन दायित्व के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं, व लोहड़ी और मक़सक्रांति की बधाई दी तथा जिले को एक सशक्त एवं विकसित औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।



