माता की चौकी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राज्यमंत्री राजेश नागर और महापौर प्रवीण बत्रा जोशी सहित शहर के उद्योगपतियों ने मां का आशीर्वाद लिया

फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल ग्रीन पार्क परिसर में आयोजित माता की चौकी में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। मोहंती परिवार की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी और पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा सहित शहर के अनेक गणमान्य लोगों एवं उद्योगपतियों ने शिरकत कर मां का आशीर्वाद लिया। देर रात तक चले माता के गुणगान में भजनों और मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ हवन के साथ हुआ। इसके बाद विशाल माता की चौकी में कलाकारों ने भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुतियां दीं। मां की महिमा का गुणगान सुनकर श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गए। कार्यक्रम में प्रस्तुत आकर्षक झांकियां भी लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

प्रत्येक वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी सैफ्रन स्ट्रोकर्स एविएशन के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रदीप मोहंती उनके पिता केसी मोहंती और भाई प्रवीन मोहंती ने पूरे परिवार के साथ मिलकर इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया। मोहंती परिवार के सदस्यों ने अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

कार्यक्रम में शहर के उद्योग जगत से जुड़े लोगों, समाजसेवियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। माता की चौकी ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक मेल-मिलाप और आपसी सद्भाव का संदेश भी दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!