मोबाइल फोन झपटकर फरार होने वाला आरोपी गिरफ्तार, AVTS सिकरोना ने किया काबू
वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल और झपटा गया मोबाइल फोन बरामद, आरोपी के खिलाफ पहले भी पॉक्सो का मामला दर्ज

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा झपटमारी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सूरजकुंड क्षेत्र में मोबाइल फोन झपटने के मामले में कार्रवाई करते हुए AVTS सिकरोना की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आलीम निवासी गांव धौज, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-46 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी सेक्टर-46 में शिकायत दी थी कि 21 नवंबर को वह लेजर वैली अपार्टमेंट, सूरजकुंड के पास मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर पीछे से आए एक युवक ने उसका मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान AVTS सिकरोना की टीम ने कार्रवाई करते हुए 23 नवंबर को आरोपी आलीम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने 21 नवंबर को अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार होकर झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल आरोपी के एक दोस्त की थी। पुलिस ने आरोपी से झपटा गया मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
उन्होंने आगे बताया कि आरोपित के खिलाफ पूर्व में पॉक्सो अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश जेल भेजा जाएगा।



