हत्या के प्रयास के मामले में थाना आदर्श नगर पुलिस की कार्रवाई, एक आरोपित गिरफ्तार, भेजा जेल

फरीदाबाद : थाना आदर्श नगर की टीम ने चाकू मारकर हत्या के प्रयास व मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए 13 जुलाई को मुख्य आरोपित सुनील निवासी आदर्श नगर को गिरफ्तार किया है। वारदात में प्रयोग चाकू को बरामद कर आरोपित को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार मोहित कुमार, निवासी प्रेमगढ़ यादव कॉलोनी, बल्लभगढ़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 मई को वह अपने भाई शिवम के साथ सेक्टर-62 से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। मलेरना रोड के पास पहुंचने पर सुनील और उसके साथी गोविंदा ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सुनील ने पहले लाठी से शिवम के सिर पर वार किया और बाद में चाकू निकालकर उसके पेट में मार दिया था। जिसकी शिकायत पर थाना आदर्श नगर में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता मोहित व उसका भाई शिवम और आरोपित सुनील तीनों टेंपो चलाने का काम करते हैं। कुछ समय पहले आपसी कहासुनी के चलते इनके बीच विवाद हो गया था। जिसकी रंजिश के चलते 26 मई को आरोपित ने अपने साथी के साथ मिलकर दोनों भाइयों के साथ मारपीट की।सुनील ने शिवम के पेट में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपित घटना के बाद से ही फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए नारनौल राजस्थान क्षेत्र में छिपा हुआ था। दो-तीन दिन पहले ही फरीदाबाद आया था जिसको गुप्त सूत्रों की सूचना पर 13 जुलाई को थाना की टीम ने काबू किया था।



