देसी पिस्टल व दो कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, 3 दिन के पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी…

फरीदाबाद, 14 जुलाई। फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने अवैध हथियारों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सूर्यकांत मिश्रा (39), निवासी गांव जाजरू, सेक्टर-58, फरीदाबाद के रूप में हुई है। अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 13 जुलाई को क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सूर्यकांत मिश्रा टीटू कॉलोनी क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपित को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर थाना पल्ला में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह लगभग 15 से 20 दिन पहले यह देसी पिस्टल और दो कारतूस उत्तर प्रदेश से करीब 50 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। आरोपित ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। पैसे कमाने के लालच में उसने कमीशन पर अवैध हथियार बेचने का काम शुरू किया था।
पुलिस रिमांड के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम हथियार उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क व इस मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए दबिश दे रही है।



