सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद एवं पुलिस चौकी सेक्टर-15 द्वारा आर्य समाज सेक्टर-15 में आयोजित किया गया जागरूकता कार्यक्रम

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। शुक्रवार को सामुदायिक पुलिसिंग सेल, फरीदाबाद तथा पुलिस चौकी सेक्टर-15 की ओर से आर्य समाज, सेक्टर-15 फरीदाबाद में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस चौकी इंचार्ज सेक्टर-15 उपनिरीक्षक ओमप्रकाश भी उपस्थित रहे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि निरीक्षक सुनीता, प्रभारी सामुदायिक पुलिसिंग सेल, फरीदाबाद ने महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए उपस्थित बच्चियों एवं आमजन को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह समाज की एक गंभीर कुप्रथा है, जो बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास को प्रभावित करती है तथा उनके अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य में बाधा उत्पन्न करती है।

निरीक्षक सुनीता ने बताया कि बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयाँ महिलाओं के प्रति होने वाले अत्याचारों को बढ़ावा देती हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इससे संबंधित कानूनों की जानकारी रखे तथा उनका पालन सुनिश्चित करे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित छोटी बच्चियों को “गुड टच एवं बैड टच” के बारे में भी विस्तार से जानकारी देते हुए उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपनिरीक्षक ओमप्रकाश, पुलिस चौकी इंचार्ज सेक्टर-15 ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के विभिन्न तरीके अपनाए जा रहे हैं, इसलिए किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल, ओटीपी अथवा बैंकिंग जानकारी को साझा करने से बचना चाहिए। साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को आपातकालीन सहायता हेतु डायल-112, बाल सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 एवं हाइवे पैट्रोलिंग 1033 की जानकारी भी दी गई। साथ ही नशा तस्करी एवं नशीले पदार्थों से संबंधित सूचना देने के लिए “MANAS ऐप” के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया गया।
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से लगभग 600 लोगों को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया। इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने तथा नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।



