बी.एन. पब्लिक स्कूल के छात्र अनंत राव का ‘इंस्पायर मानक अवॉर्ड’ के लिए चयन

फरीदाबाद : शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ‘इंस्पायर मानक आइडिया अवॉर्ड 2025-26’ के परिणामों में बी.एन. पब्लिक स्कूल के छात्र ने बड़ी सफलता हासिल की है। विद्यालय के कक्षा 10वीं के मेधावी छात्र अनंत राव के इनोवेटिव आइडिया “स्मार्ट इमरजेंसी असिस्टेंस” (Smart Emergency Assistance) को जिला स्तर के लिए चुना गया है।
गढ़वाल सभा द्वारा संचालित बी.एन. पब्लिक स्कूल में आज एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर छात्र की इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा शर्मा, गढ़वाल सभा के अध्यक्ष श्री राकेश घिल्डियाल व समस्त कार्यकारिणी के पदाधिकारियों द्वारा अनंत राव को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हाल ही में घोषित परिणामों के अनुसार, फरीदाबाद जिले से प्राप्त कुल 1103 आइडिया में से केवल 60 बेहतरीन आइडिया चुने गए हैं। अनंत के इस प्रोजेक्ट को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा मॉडल तैयार करने हेतु ₹10,000 की सहायता राशि भी प्राप्त हो चुकी है
इस सफलता के पीछे विद्यालय के विज्ञान विभाग के शिक्षकों का कुशल मार्गदर्शन रहा है, जिन्होंने छात्र को उसके आइडिया को तकनीकी रूप देने में मदद की। विद्यालय के प्रधानाचार्य और गढ़वाल सभा के पदाधिकारियों ने अनंत को बधाई देते हुए कहा कि “स्मार्ट इमरजेंसी असिस्टेंस” जैसा प्रोजेक्ट आपातकालीन स्थितियों में समाज के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध हो सकता है। अब अनंत आगामी जिला स्तरीय प्रदर्शनी (DLEPC 2025-26) में अपने वर्किंग मॉडल का प्रदर्शन करेंगे।



