दिल्ली रामलीला मैदान में उमड़ा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम, मास्टर ऋषिपाल के नेतृत्व में फरीदाबाद से रवाना हुआ सैकड़ो लोगों का काफिला

चंदावली स्थित कार्यालय से सैकड़ों गाडिय़ों में सवार होकर दिल्ली पहुंचे कार्यकर्ता, युवाओं की रही बड़ी भागीदारी

  • बेरोजगारी, वोट चोरी, पेपर लीक और संविधान व लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर युवाओं में दिखा उत्साह

फरीदाबाद : किसान कांग्रेस पार्टी फरीदाबाद के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता डॉ. ऋषिपाल मास्टर के नेतृत्व में चंदावली स्थित उनके कार्यालय से हजारों लोगों का विशाल काफिला सैकड़ों गाडिय़ों में सवार होकर दिल्ली के रामलीला मैदान के लिए रवाना हुआ। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

काफिले की सबसे खास बात युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। बड़ी संख्या में युवा केंद्र सरकार की नीतियों और विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से दिल्ली पहुंचे। युवाओं में बेरोजगारी, कथित वोट चोरी, संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थिति, पेपर लीक तथा शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर नाराजगी देखने को मिली।

डॉ. ऋषिपाल मास्टर ने कहा कि आज देश का युवा रोजगार, बेहतर शिक्षा और अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल युवाओं के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़े हैं। युवाओं का मानना है कि लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के लिए इन मुद्दों पर खुलकर चर्चा और जवाबदेही जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आज बड़ी संख्या में युवा राहुल गांधी के विचारों और उनके द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों से जुड़ाव महसूस करते हैं। युवाओं को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा और रोजगार, शिक्षा तथा लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों का समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में काम होगा।

डा. ऋषिपाल मास्टर ने कहा कि फरीदाबाद से दिल्ली पहुंचे लोगों की यह भागीदारी इस बात का संकेत है कि युवा और आम नागरिक अपने अधिकारों तथा भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर जागरूक हैं। कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी।

उन्होंने काफिले में शामिल सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फरीदाबाद की जनता ने जिस उत्साह के साथ दिल्ली पहुंचने के लिए भागीदारी की है, वह सराहनीय है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!