भोजपुरी अवधी समाज ने 21 मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित

बेटियों को सक्षम बनाने की जरूरत : रमाकांत तिवारी

फरीदाबाद। भोजपुरी अवधी समाज द्वारा मेधावी छात्राओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लोकगीतों का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनआईटी फरीदाबाद के विधायक सतीश फागना के भाई कविंदर उपस्थित रहे। वहीं, सुनील नागर और ललिता यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

इस अवसर पर संस्था के प्रधान रघुवर दयाल, महामंत्री नरेश प्रसाद, कोषाध्यक्ष रामसेवक, उपाध्यक्ष रामलच्छन यादव, चंद्रशेखर, चन्द्रधर यादव, रामप्रीत भारतवासी, बद्री प्रसाद मिश्रा, मदन लाल, मेघनाथ और वीरेंद्र शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था के प्रधान रघुवर दयाल ने बताया कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्था पिछले 15 वर्षों से लगातार मेधावी छात्राओं को सम्मानित करती आ रही है। इस वर्ष फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली 21 मेधावी छात्राओं का चयन किया गया है।

इस मौके पर संस्था के चेयरमैन रमाकांत तिवारी ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भोजपुरी अवधी समाज भोजपुरी समाज के लोगों की संस्था है, जो समय-समय पर विभिन्न सामाजिक और सेवाभाव से जुड़े कार्य करती रहती है। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल के लोगों का प्रसिद्ध त्योहार छठ है। इस अवसर पर लोग भोजपुरी अवधी समाज के प्रांगण में एकत्रित होकर छठ मइया की पूजा-अर्चना करते हैं।

रमाकांत तिवारी ने कहा कि बेटियों को सक्षम बनाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली इन होनहार छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपना, बल्कि अपने माता-पिता का नाम भी रोशन किया है। यह पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन्हीं छात्राओं में से कोई प्रशासनिक अधिकारी, कोई डॉक्टर तो कोई अन्य क्षेत्र में अपनी पहचान बनाएगी। उस दिन इन बच्चियों को याद आएगा कि भोजपुरी अवधी समाज ने उनकी प्रतिभा और शिक्षा को प्रोत्साहित करते हुए उनका सम्मान किया था।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!