पुलिस लाइन सेक्टर-30 स्थित पुलिस पब्लिक लाइब्रेरी में बच्चे कर रहे उज्ज्वल भविष्य की तैयारी

फरीदाबाद : पुलिस लाईन सेक्टर-30 स्थित पुलिस पब्लिक लाइब्रेरी विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक अध्ययन केंद्र बनकर उभर रही है। यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अनुशासित एवं शांत वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलता है, जिसका वे अपने उज्ज्वल भविष्य की तैयारी के लिए भरपूर लाभ उठा रहे हैं। यह पुस्तकालय विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है और उनमें सीखने की जिज्ञासा तथा आत्मविश्वास को बढ़ावा दे रहा है।

इस पुस्तकालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। जिस उद्देश्य के साथ इस पुस्तकालय की स्थापना की गई थी, विद्यार्थी उस उद्देश्य को साकार करते हुए अपने भविष्य को संवारने की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं। यहां पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी न केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, बल्कि अपने व्यक्तित्व विकास और ज्ञानवर्धन के लिए भी इस पुस्तकालय का लाभ उठा रहे हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 5 जून 2017 को पुलिस लाईन सेक्टर-30 में पुलिस पब्लिक लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया था। इस पुस्तकालय में पुलिस लाईन के साथ-साथ आसपास के सेक्टर के लगभग 25 से 30 विद्यार्थी नियमित रूप से अध्ययन करने आते हैं और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए ज्ञान अर्जित कर रहे हैं।

पुस्तकालय का सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिला है। यहां अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों में से 15 विद्यार्थियों ने सीईटी परीक्षा, 5 विद्यार्थियों ने दिल्ली पुलिस की परीक्षा तथा 1 विद्यार्थी ने एचटेट परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता प्राप्त की है।

उन्होंने आगे बताया कि इस लाइब्रेरी में विभिन्न विषयों से संबंधित लगभग 1000 पुस्तकें हिंदी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध हैं, जो अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी हैं। पुस्तकालय का वातावरण वातानुकूलित है तथा यह इंटरनेट सुविधाओं से सुसज्जित और पूर्णतः कम्प्यूटरीकृत है। विद्यार्थियों के बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। साथ ही पुस्तकालय में निःशुल्क वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध है। विद्यार्थियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उन्हें पुस्तकालय से पुस्तकें घर ले जाने की अनुमति भी प्रदान की जाती है, जिससे वे घर पर भी अध्ययन जारी रख सकें।

पुलिस पब्लिक लाइब्रेरी, शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो युवाओं को सही दिशा देने के साथ-साथ उन्हें अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित कर रही है। यह पुस्तकालय न केवल ज्ञान का केंद्र है, बल्कि अनुशासन, प्रेरणा और सकारात्मक वातावरण का भी उत्कृष्ट उदाहरण बन चुका है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!