टेलीग्राम टास्क में निवेश के नाम पर ₹93000 की साइबर ठगी

साइबर थाना NIT ने खाता उपलब्ध करवाने वाले 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : साइबर अपराधियों के विरुद्ध फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। साइबर ठगी के मामलों में पैसों के लेन-देन के लिए अपने बैंक खाते उपलब्ध करवाने वाले व्यक्तियों पर पुलिस द्वारा लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में साइबर थाना NIT की टीम ने टेलीग्राम टास्क में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर ₹93,000 की साइबर ठगी के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जतिन (20), जसवंत (23) और तरुण (24), निवासी जोधपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। जिनको अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि लकड़पुर, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने थाना साइबर NIT में शिकायत दी थी कि 29 अक्टूबर 2025 को वह एक लिंक के माध्यम से टेलीग्राम ग्रुप में जुड़ा था। टेलीग्राम ग्रुप में उसे प्रीपेड टास्क में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।

शिकायतकर्ता ने आरोपियों के झांसे में आकर शुरुआत में ₹1,000 की टास्क पूरी की, जिसके बाद उसे लाभ सहित ₹1,700 वापस मिले। इससे शिकायतकर्ता को विश्वास हो गया कि टेलीग्राम पर बताए जा रहे टास्क के माध्यम से वास्तव में मुनाफा कमाया जा सकता है।

इसके बाद साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता को अलग-अलग प्रीपेड टास्क में अधिक रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के बताए अनुसार अक्टूबर 2025 में अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल ₹93,000 का निवेश कर दिया। रकम जमा कराने के बाद आरोपियों द्वारा शिकायतकर्ता को न तो निवेश की गई राशि वापस की गई और न ही मुनाफे की रकम दी गई। इसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ साइबर ठगी होने का पता चला। शिकायत के आधार पर थाना साइबर NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते और उनसे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी जतिन ने खाताधारक रवि से बैंक खाता प्राप्त किया था। इसके बाद जतिन ने यह खाता तरुण को उपलब्ध करवाया और तरुण ने आगे यह खाता जसवंत को दिया। उक्त बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जतिन, जसवंत और तरुण को जोधपुर राजस्थान से 9 अगस्त को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी आपस में आसपास के क्षेत्र में रहने वाले हैं। जतिन 11वीं, जसवंत 12वीं तथा तरुण 12वीं पास है।

फरीदाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि टेलीग्राम, व्हाट्सऐप या सोशल मीडिया पर मिलने वाले ऑनलाइन टास्क, पार्ट टाइम जॉब, निवेश या कम समय में अधिक मुनाफा देने वाले किसी भी ऑफर पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। साइबर ठग शुरुआत में छोटी रकम का लाभ देकर विश्वास जीतते हैं और बाद में बड़ी रकम निवेश करवाकर ठगी करते हैं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा संबंधित साइबर थाना/पुलिस को सूचना दे, ताकि ठगी की रकम को समय रहते फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!