ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार मास्क, पीपीई किट व सेनेटाइजर पूरी तरह से सुरक्षित : मंडल आयुक्त

फरीदाबाद । मंडल आयुक्त संजय जून ने कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं कोरोना जैसी परिस्थिति में अच्छा कार्य कर रही हैं तथा आज की जरूरत के मुताबिक ये माॅस्क, पीपीई किट तथा सेनेटाइजर का निर्माण कर रही हैं, जोकि लोगों को बाजार से सस्ते दाम पर मिलेंगे।

मंडल आयुक्त ने यह जानकारी सोमवार को लघु सचिवालय के सामने हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन फरीदाबाद के तहत काम कर रही जीवन ज्योति महिला कल्टसटर महासंघ के बिक्री केंद्र का शुभारंभ करने के बाद दी। उन्होंने कहा कि इस संगठन की ओर से एक बिक्री केंद्र लघु सचिवालय के सामने तथा तीन अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे। महिलाओं द्वारा तैयार मास्क, पीपीई किट व सेनेटाइजर पूरी तरह से सुरक्षित हैं तथा सभी मानकों पर खरें हैं। इन्हें तैयार करने में तकनीकी कंपनियों की मदद ली जा रही है। इनकी कीमत बाजार से कम है। कोरोना जैसी परिस्थितियों में इस तरह का सामान तैयार कर ये ग्राम संगठन की महिलाएं अच्छा कार्य कर रही हैं। इस संगठन से करीब 45 ग्राम संगठन जुड़े हुए हैं, जिनसे पूरे जिला में 1100 स्वयं सहायता समूह जुड़े हुए हैं।

उपायुक्त यशपाल ने कहा कि कोविड-19 की परिस्थितियों में लोगों के लिए सस्ती दरों पर मास्क, पीपीई किट, सेनेटाइजर का निर्माण करना बहुत ही सराहनीय कदम है। इससे सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं के लिए एक अच्छी आमदनी इक्ट्ठी होगी, जिसका प्रयोग ये ऋण के रूप में कर सकती हैं तथा अपनी जरूरतें पूरी कर सकती हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह ने बताया कि ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जीवन ज्योति महिला कल्टसटर महासंघ के तहत 45 ग्राम संगठन आते हैं। एक ग्राम संगठन में न्यूनतम सात महिला स्वयं सहायता समूह काम करते हैं। एक महिला स्वयं सहायता समूह में 10 से 15 तक महिलाएं शामिल होती हैं। ये महिलाएं स्वयं रोजगार के साधन विकसित कर अपनी आमदनी बढ़ाती हैं और जमा पंूजी को ऋण रूप में लेकर अपनी जरूरतें पूरी करती हैं।

कोरोना की परिस्थितियों में अनेक संगठन भी मदद को आगे आ रहे हैं। सोमवार को जेसीबी इंडिया लिमिटेड के एसोसिएट वाइस प्रेजीडेंट जसमीत सिंह ने जीवन ज्योति महिला कलस्टर महासंघ की प्रधान कुमेश को 15 लाख 57 हजार 500 रुपये की धनराशि का चेक भेंट किया। इसी प्रकार स्वच्छ भारत मिशन की ओर से भी एक लाख पांच हजार रुपये की धनराशि से इस संगठन से फेस मास्क सस्ती दरों पर खरीदे गए। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोगों को निरंतर प्रेरित कर रही है तथा सरकार व जिला प्रशासन की ओर से जारी हिदायतों की अनुपालना करने तथा सोशल डिस्टेंसिंग बारे जागरूक कर कर रही है। इस दौरान एसडीएम बल्लबगढ़ त्रिलोकचंद, एसडीएम बड़खल पंकज सेतिया, आजीविका मिशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी शिवम तिवारी, महिला सहायता समूह से जुड़ी गीता देवी, सरोज बाला मौजूद थी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!