हरियाणा का पहला स्कूल जिसे मिला इसरो में इंटर्नशिप का मौका, सीएम ने किया सम्मानित

चंडीगढ़/फरीदाबाद (मनीष शर्मा) । मॉडर्न बीपी पब्लिक स्कूल के तीन होनहार छात्रों शौर्य, प्रांशु और शाश्वत ने हाल ही में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सब-सेंटर में 21 जून से 27 जून तक आयोजित इंटर्नशिप का अवसर प्राप्त किया। इसका प्रमाण पत्र अब अगस्त में स्कूल को प्राप्त हुआ। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बनी। इसी विशेष उपलब्धि के उपलक्ष्य में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री निवास, चंडीगढ़ में तीनों छात्रों से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक नवीन भी उपस्थित रहे और उन्होंने छात्रों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के युवा आज विज्ञान, शोध और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नई पीढ़ी की प्रतिभा देश के भविष्य को नई दिशा देने में सक्षम है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहें और देश-प्रदेश का नाम रोशन करें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में और अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

विद्यालय परिवार के लिए भी यह क्षण गर्व का विषय रहा। विद्यालय के चेयरमैन ओपी परमार और प्राचार्य जितेन्द्र परमार ने छात्रों की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए सम्मान की बात है और इससे अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ें।

चेयरमैन ओपी परमार ने कहा कि विद्यालय सदैव अपने छात्रों को आधुनिक शिक्षा और नवाचार के अवसर प्रदान करने के लिए तत्पर है। वहीं प्राचार्य जितेन्द्र परमार ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की मेहनत और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में विद्यालय के और भी विद्यार्थी इस तरह के अवसर प्राप्त कर देश का गौरव बढ़ाएंगे। छात्रों के माता-पिता ने भी इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय और अध्यापकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की प्रेरणा और मार्गदर्शन से ही उनके बच्चे यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने शौर्य, प्रांशु और शाश्वत के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और इसरो में इंटर्नशिप प्राप्त करने जैसी बड़ी सफलता के लिए उनकी सराहना की। यह अवसर विद्यालय और प्रदेश के लिए प्रेरणादायक क्षण के रूप में याद किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!