रास्ता रोककर मारपीट करने के मामले में थाना सेक्टर-17 की टीम ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा लड़ाई-झगड़े के मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सेक्टर-17 की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी—आकाश निवासी आर्यनगर बल्लभगढ़, अमान निवासी गांव अटाली तथा पुलकित निवासी न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी बल्लभगढ़, फरीदाबाद—को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार अंकित निवासी NIT फरीदाबाद ने थाना सेक्टर-17 में दी अपनी शिकायत में बताया कि 16 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ संजय कॉलोनी फरीदाबाद से घर जा रहा था। जब वे सभी मैट्रो अस्पताल के पास पहुंचे तो एक गाड़ी उनके सामने आकर रुकी, जिसमें से 3-4 युवक उतरे और रास्ता रोककर लाठी-डंडों से उनके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-17 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों की शिकायतकर्ता व उसके दोस्तों के साथ रास्ते में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोपी ने उनका पीछा किया और रास्ते में शिकायतकर्ता व उसके दोस्तों की मोटरसाइकिल के आगे गाड़ी लगाकर उनके साथ मारपीट की। आरोपितों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उनकी जमानत मंजूर हुई है।



