विधायक सतीश फागना ने “आपका विधायक आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्र के नागरिकों की समस्याएं सुनीं

Faridabad : विधायक सतीश फागना ने “आपका विधायक आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत वार्ड नंबर-6 स्थित पर्वतीय कॉलोनी जलघर बूस्टिंग स्टेशन पर पहुंचकर क्षेत्र के नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी विभिन्न जनसमस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने मुख्य रूप से सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, प्रॉपर्टी टैक्स तथा प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक सतीश फागना ने मौके पर उपस्थित नगर निगम के अधिकारियों को इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी कराया गया, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत महसूस की।
विधायक सतीश फागना ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और “विधायक आपके द्वार” कार्यक्रम का उद्देश्य भी यही है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और मौके पर ही उनकी शिकायतों का निवारण किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर वार्ड-6 की पार्षद गायत्री देवी, नगर निगम के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने विधायक सतीश फागना का फूल-मालाओं से स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं को सुनने व समाधान कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पार्षद गायत्री देवी (वार्ड-6), पार्षद महेश लोहिया (वार्ड-8), पार्षद नीरज भाटिया (वार्ड-9) तथा सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।



