मीडिया विभाग के विद्यार्थियों ने अंतर्राष्ट्रीय रंग-ए-सूरजकुंड रील प्रतियोगिता में जीते तीन पुरस्कार

धीरेन सिंह प्रथम, श्वेता द्वितीय और ज्योति भाटिया तृतीय स्थान पर रहे

  • आयोजक एचटीएनएम ने विजेताओं को दी ट्रॉफी और नकद पुरस्कार

फरीदाबाद, 25 मार्च : जे.सी.बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर तीन पुरस्कार जीते हैं। इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित ‘रंग-ए-सूरजकुंड’ रील प्रतियोगिता में लगभग 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड मेला के अंतर्गत आयोजित की गई थी, जिसका आयोजन एचटीएनएम द्वारा किया गया। विजेताओं को ट्रॉफी और नकद राशि भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने भी इस उपलब्धि पर विजेता विद्यार्थियों और विभाग को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और छात्रों की प्रतिभा का प्रमाण है। हमारे विद्यार्थी न केवल अकादमिक क्षेत्र में बल्कि रचनात्मक मंचों पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। मैं सभी विजेताओं, प्रोडक्शन टीम और उनके मार्गदर्शक विभागाध्यक्ष को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।

मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी के विद्यार्थियों ने न केवल भाग लिया, बल्कि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्राप्त करते हुए विभाग और विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि हमारे छात्रों की यह सफलता उनके समर्पण, मेहनत और रचनात्मक सोच का परिणाम है। साथ ही, प्रोडक्शन टीम के मार्गदर्शन ने इस उपलब्धि को और सशक्त बनाया है। विभाग सदैव छात्रों को नवाचार और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करता है, और यह उपलब्धि उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुझे विश्वास है कि हमारे छात्र भविष्य में भी इसी प्रकार नए आयाम स्थापित करेंगे।

यह सफलता में मीडिया विभाग की प्रोडक्शन टीम के वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी, प्रोडक्शन सहायक पंकज सैनी, विशाल बेरवाल और अंजू सिंह के मार्गदर्शन का विशेष योगदान है। उनकी विशेषज्ञता और निरंतर प्रोत्साहन ने छात्रों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के विजेताओं में शामिल धीरेन सिंह (एमएजेएमसी) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹3100 का नकद पुरस्कार जीता। वहीं श्वेता (बीएससी,वीसीएमटी) ने द्वितीय स्थान हासिल करते हुए ₹2100 का पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि ज्योति (बीएजेएमसी) ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹1100 का नकद पुरस्कार जीता। इस आयोजन के लिए युवाओं को ‘रील’ बनाने के प्रोत्साहन के लिए सभी विजेताओं ने एचटीएनएम की मुहिम की सराहना की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!