शादी का झांसा देकर 12 साल से कर रहा था महिला से बलात्कार, 3 महीने से चल रहा था फरार, गिरफ्तार

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त ओ पी सिंह द्वारा जघन्य अपराधों में जल्द से जल्द अपराधियों की धरपकड़ करने के दिशा निर्देश के तहत कार्य करते हुए थाना पल्ला की पुलिस टीम ने बलात्कार के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम किशन है जो बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है और फिलहाल फरीदाबाद में रह रहा था।

आरोपी के खिलाफ थाना पल्ला में बलात्कार की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है जिसमें पीडि़ता ने बताया कि आरोपी शादी का झांसा देकर 12 साल से उसके साथ बलात्कार कर रहा था।

पीडि़त महिला ने बताया कि उसका पति काफी साल पहले उसे छोडक़र चला गया था। उसके पश्चात आरोपी ने पीडि़ता के साथ संपर्क करना शुरू कर दिया। आरोपी ने पीडि़ता को शादी करने का वादा करके उससे अवैध संबंध बनाए। महिला ने जब उसे शादी करने के लिए कहा तो आनाकानी करने लगा।

अप्रैल 2021 में आरोपी बिहार चला गया जहां उसने किसी दूसरी लडक़ी के साथ सगाई कर ली। पीडि़ता ने जब आरोपी को फिर से शादी करने की बात कही तो उसने शादी करने से मना कर दिया।

इसके पश्चात महिला ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी नवीन नगर में दर्ज करवाई जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ महिला से बार-बार बलात्कार करने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी राकेश कुमार की टीम ने एएसआई अनीता की अगुवाई में आरोपी की धरपकड़ के लिए टीम गठित की।

पुलिस टीम आरोपी को पकडऩे के लिए बिहार गई परंतु आरोपी पुलिस से बचने के लिए फरीदाबाद आ गया। इसके पश्चात पुलिस टीम ने फरीदाबाद में आरोपी के कई ठिकानों पर दबिश दी परंतु आरोपी बार-बार बचता रहा। अंतत: गुप्त सूत्रों व तकनीकी की सहायता से कड़ी मशक्कत करते हुए पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के बदरपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस आरोपी को पकड़ कर थाने लाई और उससे मामले में पूछताछ शुरू कर दी जिसमें सामने आया कि आरोपी पीडि़ता के साथ शादी करना ही नहीं चाहता था और उसके साथ अवैध संबंध बनाने के लिए उसे धोखे में रख रहा था। पूछताछ पूरी होने के पश्चात पुलिस द्वारा आरोपी को अदालत में पेशश करके जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!