ट्रांसपोर्टर्स के साथ समन्वय बैठक: यातायात व्यवस्था सुधारने और नो-एंट्री टाइमिंग पर बनी सहमति

फरीदाबाद : पुलिस उपायुक्त यातायात जयबीर सिंह द्वारा शहर के विभिन्न परिवहन (ट्रांसपोर्टर) संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में बढ़ते यातायात दबाव, भारी वाहनों की आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था तथा निर्धारित समय (नो-एंट्री टाइमिंग) के अनुपालन से संबंधित समस्याओं का समाधान करना रहा।

इस बैठक में शहर के प्रमुख ट्रांसपोर्ट यूनियन एवं ट्रांसपोर्ट कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही एसीपी ट्रैफिक-2 विकास कुमार, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनोज कुमार एवं अन्य यातायात अधिकारियों ने भी भाग लिया।

बैठक के दौरान ट्रांसपोर्टर्स द्वारा अपनी प्रमुख समस्याएं साझा की गईं, जिनमें भारी वाहनों के प्रवेश-निषेध समय (नो-एंट्री टाइमिंग), पार्किंग स्थलों की कमी, लोडिंग-अनलोडिंग के लिए उपयुक्त स्थानों की व्यवस्था तथा चालकों को आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों से संबंधित मुद्दे शामिल रहे।

पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए ट्रांसपोर्टर्स के साथ विस्तृत संवाद किया गया। इस दौरान विशेष रूप से भारी वाहनों की आवाजाही के लिए निर्धारित समय (नो-एंट्री टाइमिंग) को लेकर चर्चा की गई तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हुए व्यवहारिक समाधान निकालने पर सहमति बनी।

यातायात पुलिस द्वारा ट्रांसपोर्टर्स को निर्देशित किया गया कि सभी वाहन चालक निर्धारित समय एवं मार्गों का सख्ती से पालन करें, अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़ा न करें तथा सड़क किनारे लोडिंग-अनलोडिंग से बचें। इसके अतिरिक्त ट्रांसपोर्ट कंपनियों को अपने स्तर पर ड्राइवरों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा नियम उल्लंघन की स्थिति में जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में यातायात पुलिस एवं ट्रांसपोर्टर्स के बीच नियमित अंतराल पर समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा भारी वाहनों के लिए निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं ट्रांसपोर्ट कंपनियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फरीदाबाद यातायात पुलिस सभी ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित समय में ही शहर में प्रवेश करें तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।

यातायात संबंधी किसी भी प्रकार की सूचना या सहायता के लिए आमजन फरीदाबाद यातायात नियंत्रण कक्ष 0129-2267201 अथवा डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही यातायात से संबंधित शिकायत या सुझाव फरीदाबाद यातायात पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर), फेसबुक एवं इंस्टाग्राम के माध्यम से भी साझा किए जा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!