सामुदायिक पुलिसिंग टीम द्वारा इंदिरा नगर कॉलोनी में “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत डोर-टू-डोर सर्वे एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन

फरीदाबाद : पुलिस आयुक्त फरीदाबाद के निर्देशानुसार, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं पुलिस उपायुक्त यातायात के आदेशानुसार तथा सहायक पुलिस आयुक्त यातायात के नेतृत्व में सामुदायिक पुलिसिंग टीम द्वारा इंदिरा नगर कॉलोनी, फरीदाबाद में “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत डोर-टू-डोर सर्वे एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशा मुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना था। टीम द्वारा घर-घर जाकर निवासियों से संवाद किया गया और उन्हें बताया गया कि:
“नशा न केवल व्यक्ति को, बल्कि पूरे परिवार और समाज को अंदर से कमजोर करता है। इससे दूर रहकर ही हम एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण कर सकते हैं।”
नशे के दुष्परिणामों पर आधारित जानकारी साझा की गई। स्थानीय निवासियों को नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। सर्वे के दौरान पहचान किए गए नशा करने वाले व्यक्तियों को समझाया गया कि नशे की लत छोड़ी जा सकती है। उन्हें बताया गया कि हरियाणा सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्रों में निशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इच्छुक व्यक्तियों को सरकारी चिकित्सकीय सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
स्थानीय निवासियों ने फरीदाबाद पुलिस की इस पहल की सराहना की और अभियान को समर्थन देने का आश्वासन दिया। नागरिकों ने एक स्वर में यह भी कहा कि वे अपने समाज को नशे से मुक्त करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।



