मारपीट, फायरिंग और चाकू से हमला करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने संतोष व पंकज को किया गिरफ्तार, अदालत से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया

फरीदाबाद : थाना आदर्श नगर बल्लभगढ़ क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट, फायरिंग, चाकू से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपित संतोष और पंकज, निवासी सुभाष कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार शिकायतकर्ता पुनीत निवासी बल्लभगढ़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 08 सितम्बर 2026 को शाम करीब 4 बजे वह दवाई लेने जा रहा था। इसी दौरान रोहित व संतोष ने उसे रास्ते में रोककर मारपीट की, जिसमें उसकी नाक की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ।
इसके बाद पुनीत जब मामले को लेकर बातचीत करने आरोपियों के पास पहुंचा तो वहां पंकज, रोहित, संतोष, भोला व अन्य मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर पुनीत व उसके साथियों के साथ मारपीट की। इसी दौरान पंकज ने देशी कट्टा निकालकर पहले हवा में फायर किया और बाद में पुनीत पर गोली चलाने का प्रयास किया। आरोपियों ने मौके से भागते समय भी फायरिंग की और संतोष ने चाकू से पुनीत के दोस्त हन्नी पर हमला किया।
शिकायत पर थाना आदर्श नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए संतोष व पंकज को गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्ष एक ही क्षेत्र के रहने वाले हैं और कुछ दिन पहले भी उनके बीच कहासुनी हुई थी। मारपीट की घटना के बाद शिकायतकर्ता अपने दोस्तों के साथ आरोपियों से बातचीत करने पहुंचा था, जहां विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मारपीट, फायरिंग व चाकू से हमला किया।
दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



