रोटरी क्लब संस्कृति, फ़रीदाबाद के सौजन्य से सर्विकल कैंसर की रोकथाम के लिए टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया

फ़रीदाबाद : राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-55 में रोटरी क्लब संस्कृति, फ़रीदाबाद के सौजन्य से प्रधानाचार्य सतेन्द्र सोरौत के नेतृत्व में सर्विकल कैंसर की रोकथाम के लिए टीकाकरण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा विद्यालय की 109 छात्राओं को निःशुल्क टीका लगाया गया जबकि निजी अस्पतालों में यह टीका बहुत मंहगा है और गरीब बच्चों के लिए इसका खर्च वहनीय नहीं है।

यह टीकाकरण कार्यक्रम कैंसर फाउंडेशन अधिकारी वंदना भल्ला, सीरम इंस्टीट्यूट, दिल्ली से डॉ. भानु प्रताप सिंह, रोटरी क्लब संस्कृति, फरीदाबाद से अनुज सिंघल, अलका सिंघल, सुनील खंडूजा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। टीकाकरण शिविर का बीएलके मैक्स अस्पताल, दिल्ली से आईं डॉ. ललिता हसीजा, डॉ. आकांक्षा एवं डॉ. योगेश की देखरेख में कुशल संचालन किया गया। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि यह वैक्सीन 6 तरह के कैंसर के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता विकसित करेगी। शिविर के सफल संचालन में विद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. कुलदीप सिंह एवं वरिष्ठ प्रवक्ता ज्योति सोरौत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा आवश्यक सहयोग दिया।

इस अवसर पर टीकाकरण टीम एवं रोटरी क्लब के सभी पदाधिकारियों को तुलसी का पौधा देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य सतेन्द्र सौरोत ने रोटरी क्लब एवं कैंसर फाउंडेशन के सभी पदाधिकारियों एवं चिकित्सक दल का स्वागत किया तथा मानवता के कल्याण के लिए उनके अद्भुत प्रयासों की सराहना करते हुए सभी का धन्यवाद दिया। इस अवसर पर कुछ अभिभावक एवं विद्यालय प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष ओमवीर सिंह सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।



