बदमाशों से मुठभेड़ में सीओ समेत 8 पुलिसकर्मी शहीद, 2 बदमाश भी ढेर

कानपुर में देर रात शातिर बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए। कई पुलिसकर्मी घायल भी हैं। कई सिपाहियों को बेहद गंभीर हालत में रीजेंसी भर्ती कराया गया है। पुलिस के आलाधिकारी और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई है। एडीजी जय नारायण सिंह ने घटना की पुष्टि की है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया।
घटना कानपुर में चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव की है। आपको बता दें कि गुरुवार रात करीब साढ़े 12 बजे बिठूर और चौबेपुर पुलिस ने मिलकर विकास दुबे के गांव बिकरू में उसके घर पर दबिश दी। बिठूर एसओ कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विकास और उसके 8-10 साथियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घर के अंदर और छतों से गोलियां चलाई गईं। हमले में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए। कई पुलिसकर्मी घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विकास दुबे का मामा और एक साथी मुठभेड़ में ढेर
वहीं, शुक्रवार सुबह एक बार फिर से पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे का मामा प्रेम प्रकाश पाण्डेय और उसका साथी अतुल दुबे पुलिस से मुठभेड़ में ढेर हो गया। दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
दो मंजिला मकान की छत से बरसाईं गोलियां
मौके पर मौजूद एसओ बिठूर के हमराही (सिपाही) विकास बघेल ने रोते हुए बताया कि जैसे ही पुलिस की जीप गांव पहुंची और सभी पुलिसकर्मी गाड़ी से उतरे वैसे ही दो मंजिला मकान की छत पर हथियारों से लैस 50 लोगों ने हमला कर दिया। पुलिसकर्मी संभल भी नहीं पाए। सबसे पहले गोली शिवराजपुर एसओ महेश यादव को लगी। उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला और वो खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। जिसके बाद गोली और बम की बौछार होने लगी।
सीएम योगी ने जताई संवेदना
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर की इस घटना में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिजनों के प्रति शोक और अपनी संवेदना व्यक्त की है। सीएम योगी ने घटना की रिपोर्ट तलब की है और साथ ही डीजीपी एचसी अवस्थी से अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। सीएम योगी ने पूरे मामले की रिपोर्ट भी मांगी है।
शहीद हुए पुलिसकर्मी
क्षेत्राधिकारी बिल्हौर देवेंद्र मिश्रा
थाना प्रभारी शिवराजपुर महेश चंद्र यादव
चौकी इंचार्ज मंधना अनूप कुमार सिंह
सब इंस्पेक्टर नेबू लाल
सिपाही सुल्तान सिंह
सिपाही राहुल
सिपाही बबलू
सिपाही जितेंद्र



