कृषि अध्यादेश : राहुल गांधी पंजाब और हरियाणा में निकालेंगे ट्रैक्टर रैली

हरियाणा ! कृषि से जुड़े तीन अध्यादेशों के खिलाफ देश में सबसे ज्यादा पंजाब-हरियाणा में हो रहे किसान आंदोलन में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी उतरेंगे। वे अगले दो-तीन दिन में पंजाब से अपनी ट्रैक्टर यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा पंजाब से हरियाणा में घूमेगी। वे पंजाब से ट्रैक्टर पर कैथल या कुरुक्षेत्र के पेहवा इलाके से हरियाणा में प्रवेश कर सकते हैं। उनकी यात्रा को लेकर दिल्ली में कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने बैठक कर पूरी प्लानिंग भी की है।
कांग्रेस की रणनीति : केंद्र सरकार के तीनों अध्यादेशों के खिलाफ कांग्रेस किसानों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए अब आंदोलन तेज करेगी। इसे लेकर दिल्ली में हुई बैठक में पूरी प्लानिंग बनाई गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने बताया कि अगले दो से तीन दिन में राहुल गांधी पंजाब और हरियाणा का दौरा करेंगे। इस दौरान वो ट्रैक्टर पर पंजाब से हरियाणा में प्रवेश कर सकते हैं। गांधी के दौरे के अलावा 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रदेश के हर विधानसभा स्तर पर प्रस्तावित आंदोलन पर भी चर्चा की गई।
लेकिन गृह मंत्री अनिल विज ने स्पष्ट किया है कि राहुल गांधी की यात्रा को हरियाणा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इससे यहां माहौल खराब हो सकता है। उन्होंने कहा कि राहुल गाधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी हाथ में पेट्रोल की कैनी लेकर घर से निकलते हैं। जहां भी धुआं दिखाई देता है, वहां आग लगा देते हैं !



