पुलिस की पाठशाला के तहत छात्राओं को किया जागरूक, नशा मुक्ति, साइबर अपराध व महिला सुरक्षा के प्रति दी महत्वपूर्ण जानकारी

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 13 नवंबर 2026 को थाना सेक्टर-8 एवं सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद की संयुक्त टीम द्वारा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सीही में ‘पुलिस की पाठशाला’ के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 1200 छात्राओं एवं स्कूल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नशा मुक्ति, साइबर अपराधों से बचाव, डायल-112 आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा, दुर्गा शक्ति ऐप तथा महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
पुलिस टीम ने छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा और भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। छात्राओं को नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने तथा खेलकूद एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला सुरक्षा के संबंध में छात्राओं को डायल-112 की आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा एवं दुर्गा शक्ति ऐप की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति, छेड़छाड़ अथवा असुरक्षा महसूस होने पर बिना किसी संकोच के तुरंत पुलिस सहायता लें। साथ ही, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक एवं आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। छात्राओं को समझाया गया कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपना ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज करवाएं।
इसके अतिरिक्त डायल-112 के सही उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त करें और जागरूक नागरिक होने का परिचय दें।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, सुरक्षा की भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना था।



