हरियाणा लोक सेवा आयोग की एचसीएस की लिखित परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए अधिकारियो को दिए टिप्स : जिलाधीश विक्रम सिंह
कहा, जिला में 79 केंद्रों पर दो सत्रों में आयोजित की जाएगी एचसीएस की लिखित परीक्षा

फरीदाबाद, 09 फरवरी। जिलाधीश विक्रम सिंह ने कहा कि फरीदाबाद जिला में आयोजित होने वाली हरियाणा लोक सेवा आयोग की एचसीएस (एक्स बीआर) एंड एलाइड सर्विस पार्लियामेंट परीक्षा-2023 के सफल संचालन के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैदी के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला फरीदाबाद में एचपीएससी द्वारा 11 फरवरी को 79 परीक्षा केंद्रों पर दो शिफ्टों में एचसीएस की प्राथमिक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जिलाधीश विक्रम सिंह ने जिला में 11 फरवरी को हरियाणा लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित की जाने वाली परीक्षा को सुनियोजित ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्थानीय हुड्डा कन्वैंशन हॉल में आयोजित कार्यशाला के दौरान आवश्यक टिप्स दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा को पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाने तथा कानून व्यवस्था स्थापित करने के लिए केंद्रवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट, ट्रांजिट ऑफिसर एवं लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर की नियुक्तियां की गई हैं। वहीं अधिकारी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न हो। एचसीएस की लिखित परीक्षा के लिए हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा निर्धारित सभी नियमों का दृढ़ता से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि पहला चरण प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक व दूसरा चरण दोपहर 03 बजे से सांय 05 बजे तक होगा।
एचसीएस परीक्षा के लिए जरूरी हिदायतें
जिलाधीश विक्रम सिंह ने कहा कि एचपीएससी की हिदायतों के अनुसार परीक्षा केंद्रो में केवल ड्यूटी देने वाले अधिकारी अन्दर जा सकते हैं। इसके अलावा किसी भी अधिकारी के परीक्षा केंद्रों के अन्दर जाने पर एचपीएससी द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार पूर्णतया पाबंदी रहेगी। डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि एचसीएस परीक्षाओं के संवेदनशील कार्य को सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। परीक्षा केंद्रों पर महिला पुलिस फोर्स की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। एसडीएम बल्लभगढ़, एसडीएम बङखल और एसडीएम फरीदाबाद को अपने-अपने उपमंडल स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अन्य प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी भी सुनिश्चित की गई हैं। कार्यशाला में एडीसी आनंद शर्मा, एचपीएससी के सदस्य, एसडीएम त्रिलोक चंद, एसडीएम अमित कुमार सहित परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए अधिकारीगण उपस्थित रहे।



