लाठीचार्ज करके भी किसानों को पिपली रैली में जाने से नहीं रोक पाई पुलिस !

पानीपत/कुरुक्षेत्र ! केंद्र सरकार की ओर से लाए गए तीन कृषि अध्यादेश के खिलाफ प्रदेशभर के किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कुरुक्षेत्र की पिपली अनाज मंडी में किसान बचाओ मंडी बचाओ रैली का अल्टीमेटम किसान संगठनों ओर से दिया गया था। अल्टीमेटम को देखते हुए कुरुक्षेत्र में आने वाले हर रास्ते को सील कर दिया था। इसके बावजूद भी बड़ी संख्या में किसान राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए।
किसानों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया। कुछ किसान नेताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता राकेश बैंस को शरीफगढ़ से गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से किसान आक्रोशित हो गए और पुलिस पथराव शुरू कर दिया। दोपहर को हुई इस घटना के बाद गुस्साए किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया और कई किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। किसानों को भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से दोपहर को पिपली अनाज मंडी में रैली करने की अनुमति दी गई। भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी रैली स्थल पर पहुंचे। गुरुवार सुबह किसानों के अल्टीमेटम को देखते हुए पिपली अनाज मंडी की ओर आने वाले रास्ते को सील किया गया था।

यही नहीं जिले की सीमाएं भी पूरी तरह सील थी। इसके बावजूद भी किसान गांवों के रास्तों से पिपली अनाज मंडी में जमा हो गए। कई जगह किसान पुलिस के बेरीकेड्स तक तोड़ आगे बढ़े, जिससे कई बार तनावपूर्ण स्थिति पैदा हुई। भाकियू प्रदेश प्रवक्ता को शरीफगढ़ से गिरफ्तार करने पर किसानों को गुस्सा बढ़ गया और किसानों ने रैली स्थल की ओर कूच किया, जहां पर पुलिस व किसानों के बीच झड़प भी हुई।
लाठीचार्ज का जवाब किसानों ने पत्थर बाजी से दिया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी मौके पर पहुंची। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा और लाडवा से कांग्रेस के विधायक मेवा सिंह अनाज मंडी गेट पर पहुंचे। प्रदेशभर में कई जगह किसानों ने रोकने पर वहीं जाम लगा दिया, जिससे प्रदेशभर में राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।



