विवाद के चलते ससुराल पहुंच दामाद, ससुर व पत्नी पर किया चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद : भारत कॉलोनी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते ससुराल पहुंचकर ससुर व पत्नी पर चाकू से हमला करने के मामले में थाना खेड़ीपुल की टीम ने आरोपी इमरान निवासी गांव तिलबेगमपुर, जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश हाल भारत कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार शिकायतकर्ता इन्शाद अली निवासी भारत कॉलोनी ने शिकायत में बताया कि उसकी बेटी की शादी इमरान के साथ हुई थी। पिछले करीब 5 वर्षों से आरोपी उसकी बेटी को परेशान कर रहा था। 03 नवंबर को आरोपी उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से उस पर व अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना खेड़ीपुल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का अपनी पत्नी के साथ मनमुटाव चल रहा था, जिसके चलते वह अपने पिता के घर चली गई थी। उसके द्वारा फोन न उठाने से गुस्साए आरोपी ने ससुराल पहुंचकर विवाद किया और विरोध करने पर पेपर काटने वाले कटर चाकू से ससुर व पत्नी पर हमला कर दिया। पुलिस द्वारा आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!