पलवल : पुरानी रंजिश के चलते सरपंच की लाठी-डंडों से पिटाई

पलवल : पलवल के चांदहट थाना क्षेत्र एरिया में गांव के सरपंच के साथ कुछ युवकों के द्वारा पुरानी रंजिश को लेकर लाठी व डंडों से जमकर मारपीट की गई। सरपंच के साथ मारपीट का यह वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
चांदहट थाना पुलिस ने बताया कि गांव तारा का के सरपंच अशोक किसी काम से पलवल से गांव की तरफ लौट रहा था। किटवाड़ी नहर के पास गांव के ही रहने वाले दिनेश और उसके पिता वेद प्रकाश ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर सरपंच अशोक के ऊपर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। लाठी-डंडों से सरपंच की जमकर पिटाई की गई और उसके बाद आरोपियों के द्वारा ही मारपीट का वीडियो बनाया गया। घायल अवस्था में सरपंच को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने सरपंच की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर वेद प्रकाश नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पुराने समय से राजनीतिक विवाद चल रहा है और उसी को लेकर मारपीट की इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दूसरे आरोपियों की तलाश की जा रही है।



