भोजपुरी अवधि समाज ने झण्डारोहण का कार्यक्रम सोशल डिस्टेसिंग के साथ किया

फरीदाबाद 15 अगस्त। समाजसेवी संस्था भोजपुरी अवधि समाज द्वारा डबुआ कालोनी स्थित भोजपुरी अवधि समाज धर्मशाला में झण्डारोहण का कार्यक्रम सोशल डिस्टेसिंग के साथ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में आए हुए सभी अतिथियों के शरीर के तापमान को मापा गया व हाथों को सैनेटाईज भी किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष रामशंकर यादव, रमाकांत तिवारी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया तत्पश्चात धर्मशाला में पौधारोपण किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए अध्यक्ष रामशंकर यादव व रमाकांत तिवारी ने कहा कि आज भारत वर्ष 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे है। भारतीय लोकतंत्र का यह पुण्य पर्व हमें मां भारती के उन सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों की याद दिलाता है, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके साथ ही हमें भारत की एकता व अखण्डता को बनाए रखने के लिए एकजुट भाव से काम करने की सीख भी देता है।

हिन्दुस्तान की पवित्र धरा ने आदिकाल से कई संघर्षों का सामना किया है तथा स्वतंत्रता संग्राम के रूप में हमें एक बड़ी प्रेरणा दी है। आज हम विश्व के मानचित्र पर जो तेजी से बढ़ता भारत देख रहे हैं, उसकी गति को बनाए रखने के लिए जरूरी है कि हम सभी मिलकर आजादी के दीवानों की आशाओं के मुताबिक एक समृद्ध, संपन्न, शिक्षित एवं विज्ञान के क्षेत्र में अग्रणी भारत बनाने का संकल्प लें। इस अवसर पर पदाधिकारी प्रदीप गुप्ता, रामसेवक शाह, बद्री प्रसाद, रामजतन सहित सैकड़ो लोग मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!