पेड़ से लटका मिला वकील का शव !

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) ! संत कबीर नगर जिले में महुली थानाक्षेत्र के बशिया गांव में एक वकील का शव पेड़ से लटका मिला है। पुलिस ने बताया कि 55 वर्षीय वकील अनिल यादव का शव नायलॉन की रस्सी से बंधा आम के पेड़ पर लटका मिला। उक्त जगह वकील के घर से करीब 500 मीटर दूर है। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

अनिल के साले कृष्ण कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि अनिल ने उन्हें फोन कर बताया था कि उनकी पत्नी दीपा और बेटे अभिजीत से कहासुनी हो गयी है और वह घर से बाहर निकल आये हैं। अभिजीत ने हालांकि पुलिस को अलग कहानी बतायी कि पिता किसी बात से परेशान थे और शुक्रवार को रात्रि भोजन के बाद उनसे परेशानी की वजह पूछी तो उन्होंने सुबह बताने को कहा। इसके बाद वह रोज की तरह टहलने चले गये। अभिजीत ने पिता की मौत को संदिग्ध मानते हुए कहा कि संभवत: उनकी हत्या की गयी है।

पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र कर लिये हैं। शव की वीडियोग्राफी भी करायी गयी है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है लेकिन जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!