फरीदाबाद में तेज रफ्तार का कहर, दीवार तोडक़र घर में घुसी कार

फरीदाबाद 2 मई। फरीदाबाद में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां शराब के नशे में एक गाड़ी चालक ने अपनी गाड़ी को दीवार तोडक़र सीधे घर के अंदर घुसा दिया, जिससे घर में रखा लाखों का सामान डैमेज हो गया। गनीमत यह रही कि गाड़ी बेडरूम के बाहर ही बंद हो गई वरना जान की हानि भी हो सकती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह वाक्या फरीदाबाद के सेक्टर 8 का है जहां पर देर रात एक कार चालक ने शराब के नशे में धुत होकर गाड़ी को घर की दीवार तोडक़र सीधे घर के अंदर घुसा दिया। परिजनों की माने तो एकदम से हुए विस्फोट के कारण उनको काफी देर तक समझ में नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। फिर वह जैसे ही घर से बाहर भागे तो उन्होंने देखा कि घर के अंदर गाड़ी खड़ी हुई है और उसमें एक व्यक्ति बैठा हुआ है। उनका कहना है कि वह लॉक डाउन के दौरान कोरोना महामारी से बचने के लिए अपने घरों में बैठे हैं लेकिन वहां पर भी वह सुरक्षित नहीं है। उनका कहना था कि आखिर पुलिस क्या कर रही थी? गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि घर के अंदर रखा लाखों रुपए का सामान बर्बाद हो गया। गनीमत यह रही कि उनकी जान बच गई। वहीं जांच अधिकारी से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि रात को ही आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और दोनों पार्टियों को थाने में बुलाया। आगे शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



