फरीदाबाद : लॉकडाउन 5.0 के बारे में नई हिदायतें जारी की गई

फरीदाबाद ! उपायुक्त यशपाल ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लॉकडाउन 5.0 के बारे में नई हिदायतें जारी कर दी गई हैं तथा प्रदेश सरकार की ओर से भी जल्द ही इन हिदायतों के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। जब तक हरियाणा सरकार और जिला प्रशासन की ओर नई हिदायतें जारी नहीं की जाती हैं, तब तक पुरानी हिदायतें लागू रहेंगी तथा कोई भी व्यक्ति इन हिदायतों का उल्लंघन न करे।

उपायुक्त ने बताया कि नई हिदायतों के संबंध में जिला प्रशासन विभिन्न संगठनों और अधिकारियों से विचार-विमर्श कर रहा है। इस संबंध में जल्द ही जरूरी हिदायतें जारी की जाएंगी। हरियाणा सरकार द्वारा सभी जिलों से फीडबैक प्राप्त किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने औद्योगिक, व्यापारिक संगठनों और अन्य संगठनों से विस्तारपूर्वक चर्चा की थी। इन संगठनों द्वारा जो भी मांगें रखी गई थीं, उन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार-विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस समय शहर में कोरोना के संक्रमण के केस लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसी स्थिति में सभी को थोड़ा संतुलन बना कर चलने की जरूरत है। आर्थिक तौर पर सभी गतिविधियां चालू हों और जारी रहें, सरकार और जिला प्रशासन इस पर कार्य कर रहा है। अब लोगों को अधिक जागरूकता व सर्तकता से रहना होगा तथा सभी जरूरी हिदायतों की अनुपालना करनी होगी तभी इस बीमारी से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि अंतरराज्यीय आवागमन के बारे में दिल्ली उच्च न्यायालय ने आदेश जारी किए हैं। इस बारे में हरियाणा सरकार से जो भी निर्देश प्राप्त होंगे उन्हें लागू किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!