फरीदाबाद : स्वीट्स की दुकान पर फायरिंग कर धमकी भरा पत्र देकर 50 लाख की फिरौती मांगने वाले दो आरोपी गिरफतार

फरीदाबाद 7 जुलाई। पुलिस आयुक्त ओम प्रकाश सिंह के दिशा निर्देश पर कार्य करते हुए प्रभारी क्राइम ब्रांच सेक्टर 48 व उनकी टीम ने धमकी भरा पत्र देकर 50 लाख फिरौती मांगने वाले 2 आरोपियों कुलदीप सिंह उर्फ सनकी पर्वतीय कॉलोनी फरीदाबाद, अमन कुमार निवासी गीता मंदिर रोड मधु कॉलोनी, यमुनानगर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

ज्ञात हो कि मुजेसर फरीदाबाद में स्थित मिनी स्वीट्स कॉर्नर पर मोटर साइकिल पर उपरोक्त आरोपी सरेआम फायरिंग करके धमकी भरा पत्र देकर 50-लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पत्र में फिरौती मांगने वाले का नाम बंटी सरदार लिखा था। जिस पर थाना मुजेसर में आईपीसी की विभिन्न धाराओं एवं आम्र्स एक्ट के तहत मुकदमा नंबर 329 दर्ज कर, आरोपियों की धरपकड़ के लिए क्राइम ब्रांच 48 को यह केस सौंपा गया था।

पुलिस के अनुसार फिरौती मांगने के 10-12 दिन पश्चात मिनी स्वीट्स कॉर्नर के मालिक के फोन पर व्हाट्सएप्प कॉल आयी तथा फिरौती मांगने वाले ने कहा कि आज शाम 6 बजे मेरे बन्दे आएंगे और कहेंगे कि डिब्बा तैयार है क्या, तो उनको रुपयों से भरा थैला दे देना। पुलिस को कुछ बताया या मेरे बंदों को कुछ हुआ तो, तेरा कुछ रहना नहीं और हमारा कुछ जाना नही। तुरंत मिनी स्वीट्स कॉर्नर के मालिक ने धमकी के बारे में पुलिस को बताया।

वरिष्ठ अधिकारियों को फिरौती की कॉल बारे बताया तथा अधिकारियों के दिशा निर्देश पर क्राइम ब्रांच 48 ने अन्य अपराध शाखाओं को साथ लेकर आरोपीयों को पकडऩे के लिए जाल बिछाया गया। फिरौती के रुपये लेने आये उपरोक्त दोनों आरोपियों को क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर ही धर दबोचा। आरोपी बंटी और कुलदीप पर पुलिस पर फायरिंग करने का मुकदमा थाना सारन में दर्ज है, इसी मुकदमे में दोनों आरोपी फरारी काट रहे थे।

आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, अदालत ने आरोपी कुलदीप का 4 दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया एवं आरोपी अमन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी कुलदीप से वारदात के बारे में पूछताछ की जाएगी और फिरौती मांगने वाले मुख्य सरगना बंटी सरदार और प्रिंसपाल को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वारदात में शामिल चारों आरोपी आपस में रिश्तेदार है। आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!