आंखों के अस्पताल में घुसकर डॉक्टर के साथ मारपीट व कैंची से हमला कर लूट की वारदात में दो गिरफ्तार

आरोपियों से 70,000/- रुपये बरामद, थाना एस.जी.एम. नगर टीम की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराध व अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। थाना एस.जी.एम. नगर की टीम ने आंखों के अस्पताल में घुसकर डॉक्टर के साथ मारपीट व कैंची से हमला कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल निवासी एस.जी.एम. नगर, फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिनांक 21 दिसम्बर 2025 को वह शर्मा चौक स्थित अपने क्लिनिक पर मौजूद था। इसी दौरान सुनील व रोबिन नामक दो युवक उसके क्लिनिक पर आए और उसके साथ गाली-गलौच करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो रोबिन ने मेज पर रखी कैंची उठाकर उस पर हमला कर दिया तथा दोनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा आरोपी क्लिनिक के गल्ले में रखे 1,10,000/- रुपये लेकर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना एस.जी.एम. नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने आगे बताया कि थाना एस.जी.एम. नगर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनील चौधरी उर्फ सोनू एवं रोबिन शर्मा उर्फ गंजू, निवासी एस.जी.एम. नगर, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनील के पिता द्वारा पीड़ित डॉक्टर से अपना मकान बिकवाने के लिए कहा था, जिसके लिए डॉक्टर उनके घर पर ग्राहक भेजता रहता था। सुनील मकान बेचना नहीं चाहता था। इसी बात को लेकर 21 दिसम्बर को सुनील क्लिनिक पर आया और पीड़ित से बहस करने लगा। इसके बाद उसने अपने दोस्त रोबिन को फोन कर बुला लिया। दोनों आरोपियों ने मिलकर डॉक्टर के साथ मारपीट की तथा रोबिन ने डॉक्टर पर कैंची से हमला किया। इसके पश्चात सुनील ने क्लिनिक के गल्ले से पैसे निकाल लिए और दोनों मौके से फरार हो गए।

आरोपियों से लूट की गई राशि में से 70,000/- रुपये बरामद कर लिए गए हैं। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!