जहरीली गैस से पांच लोगों की मौत !

गोण्डा (उप्र), 8 सितम्बर ! गोण्डा जिले के शहर कोतवाली इलाके में एक बछड़े को निकालने के लिए कुएं में उतरे पांच लोगों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्र के राजा मोहल्ले में एक सूखे कुएं में गाय का एक बछड़ा गिर गया था। उसे निकालने के लिए एकत्रित मोहल्ले के लोगों में से एक सीढ़ी के सहारे कुंए में उतर गया। उन्होंने कहा कि कुएं में जहरीली गैस होने के कारण वह बेहोश होने लगा। उसकी चीख पुकार सुनकर एक के बाद चार अन्य लोग कुएं में उतरे और सभी बेहोश हो गए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस, दमकलकर्मियों तथा नगरपालिका की टीम ने काफी प्रयास के बाद सभी को बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतकों में वैभव (18), दिनेश (30), रवि शंकर (36), विष्णु दयाल (35) और मन्नू सैनी (36) शामिल हैं।



