सड़क किनारे बनी पुलिया से कार की टक्कर, तीन पुलिसवालों की मौत !

फतेहाबाद ! फतेहाबाद जिले के भट्टूकलां कस्बे के खाबड़ा कलां गांव में सड़क हादसा हो गया। यहां एक अनियंत्रित कार की सड़क किनारे बनी पुलिया से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में सिरसा पुलिस के तीन पुलिसकर्मियों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक होमगार्ड घायल है। घायल को फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में भिजवा दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सिरसा पुलिस के तीन जवान और होम गार्ड ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। वे कार में सवार होकर घर जा रहे थे। फतेहाबाद जिले के भट्टूकलां के गांव खाबड़ा कला में उनकी कार अनियंत्रित होकर एक पुलिस से जा टकराई। इस हादसे में हिसार के आदमपुर निवासी सुभाष, फतेहाबाद के डोबी गांव निवासी रविंद्र व फतेहाबाद जिले के चुलीकलां निवासी सुभाष की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में एक होमगार्ड घायल हो गया। मामले की सूचना भट्टूकलां एसएचओ विरेंद्र सिंह को मिली तो वे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में रखवाया है।



