सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान : मोनिका डुमरा

Faridabad : हरियाणा सोशल मीडिया विभाग की चेयरपर्सन मोनिका डुमरा जिला कांग्रेस कार्यालय, सेक्टर-9 में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से मुलाकात करने पहुंचीं। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला कार्यालय पहुंचने पर बलजीत कौशिक ने मोनिका डुमरा का गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके साथ मीडिया कोऑर्डिनेटर पुनीत यादव एवं विक्रांत भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मोनिका डुमरा ने कहा कि सोशल मीडिया पार्टी का एक सशक्त मंच है, जिसके माध्यम से कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर पार्टी की विचारधारा और कार्यक्रमों को ट्विटर, फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर अधिक से अधिक साझा करे, ताकि आम जनता तक सही जानकारी पहुंचे और अधिक लोग पार्टी से जुड़ सकें। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय सोशल मीडिया का युग है और इसकी ताकत को समझना बेहद जरूरी है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने भी सोशल मीडिया की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि इसके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ा जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे राहुल गांधी, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रमों और गतिविधियों को सोशल मीडिया पर सक्रियता से साझा करें।
उन्होंने बताया कि पार्टी स्तर पर विचार-विमर्श कर प्रत्येक जिले में सोशल मीडिया को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इस मौके पर जिला संगठन महामंत्री अशोक रावल, डॉ. सौरभ शर्मा, रेनू चौहान, नरेश शर्मा, प्रेम यादव, बलजीत सिंह अरोड़ा, मोसीन खान, सुनीता फागना और गजना लांबा सहित कई गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



