नकली हार्पिक बनाने वाली वर्कशॉप पर छापेमारी, एक गिरफ्तार
816 बोतल बरामद, AVTS-2 भूपानी की कार्रवाई

फरीदाबाद : पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 15 अप्रैल को AVTS-2 की टीम ने थाना डबुआ क्षेत्र के गांव नवादा में रेड कर इम्पैक्टिव ब्रांड सॉल्यूशंस एल.एल.पी. कंपनी के प्रोडक्ट ‘हार्पिक’ की नकली कॉपी वाली एक वर्कशॉप का भंडा फोड़कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
उन्होंने आगे बताया कि टीम ने 15 अप्रैल को शिकायत पर कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मौका पर सुरजीत सिंह निवासी गांव गोती, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश), हाल त्यागी मार्केट, डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है । वर्कशॉप से कंपनी के प्रोडक्ट हार्पिक की 500 एमएल की 816 भरी बोतल, 250 खाली बोतल, 316 लेबल/ स्टीकर, 40 लीटर कच्चे माल से भरा केन, नकली उत्पाद बनाने में प्रयुक्त मशीन, गत्ता पेटियां व अन्य उपकरण बरामद किये हैं।
पूछताछ में सामने आया कि वह, विपिन नाम के व्यक्ति की वर्कशॉप में पिछले 4 महीनों से सैलरी पर काम कर रहा था, जहां पर कच्चे माल से नकली उत्पाद तैयार किया जाता है तथा थोक में उत्पादन को बेचा जाता है। जिसको माननीय अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ के लिए 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।



