अध्यापकों ने पल्स पोलियो कार्यक्रम में लगाई गई ड्यूटी का किया विरोध

फरीदाबाद : पल्स पोलियो कार्यक्रम में 270 अध्यापकों की ड्यूटी प्रशिक्षण के लिए लगाई गई थी। यहां पहुंच कर सभी अध्यापकों ने पल्स पोलियो कार्यक्रम के प्रशिक्षण का बच्चों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए बहिष्कार किया और इस बहिष्कार का हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ और अतिथि अध्यापक संघ ने पुरजोर समर्थन किया। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान भीम सिंह और अतिथि अध्यापक संघ के जिला प्रधान रघु वत्स ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि कोरोना काल के कारण लंबे समय तक बच्चे विद्यालयों में नहीं आ सके और फरवरी का महीना होने के कारण इस समय अध्यापक को बच्चों के बीच में विद्यालय में रहना चाहिए, ताकि उनकी पढ़ाई बाधित ना हो। परंतु बार-बार इसका विरोध करने के पश्चात भी सरकार अध्यापकों की गैर शैक्षणिक कार्यों में ड्यूटी लगा रही है। जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है।
नई शिक्षा पॉलिसी में भी अध्यापकों की गैर शैक्षणिक कार्यों से मनाही की गई है, उसके पश्चात भी इस प्रकार से ड्यूटी लगाई जाती है। जिसका अध्यापक समय-समय पर विरोध करते रहे हैं। हमारी अधिकारियों और हरियाणा सरकार से यह मांग है कि गैर शैक्षणिक कार्यों में अध्यापकों की ड्यूटी न लगाई जाए। हमें आशा ही नहीं, पूरा विश्वास है कि इस गंभीर मुद्दे को ध्यान में रखा जाएगा और आगे से किसी भी अध्यापक की ड्यूटी गैर शैक्षणिक कार्यों में नहीं लगाई जाएगी।
इसके पश्चात भागीरथ शास्त्री, ईनामी सिंह, राम सिंह, विजय सिंह, राकेश शास्त्री, ललित शर्मा, योगेश कुमार, रवि कुमार, रणवीर सिंह, उमेश आदि अध्यापकों ने भी अपने विचार रखे।



