पंचायत वाटिका चंदावली में पाँच गाँवों के प्रमुख लोगों की हुई पंचायत

फरीदाबाद : पंचायत वाटिका चंदावली में पाँच गाँवों के प्रमुख लोगों की पंचायत हुई, जिसमें गाँव मच्छ्गर, चंदावली, दयालपुर, मुजेडी व अटाली के लोगों ने हिस्सा लिया। पूर्व विधायक आनन्द शर्मा के सुपुत्र हेमन्त शर्मा ने पंचायत के प्रमुख मुद्दे को सभी के समक्ष रखा व लोगों को बताया कि कैसे एनएचएआई विभाग ने जानकारी के अभाव व जल्दबाज़ी में बहुत बड़ी गलती की हैं। उन्होंने सबसे व्यस्त रहने वाले मोहना रोड के चंदावली पुल पर बनाये जाने वाले एलिवेटेड सेक्शन के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया हैं।
हेमन्त शर्मा ने सभी को अवगत कराया कि वह इस मुद्दे को लेकर तिगाव के विधायक राजेश नागर से मिले व उनके साथ वह माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से भी मिले हैं। मुख्यमंत्री ने इस विषय को अपने एनएचएआई से सम्बन्धित लंबित प्रमुख विषयों में डालने की बात कही। उन्होंने माना कि यह रोड इस तरह ब्लॉक नहीं होना चाहिये।
मुख्यमंत्री से मिलने के बाद तिगाव के विधायक राजेश नागर व हेमन्त शर्मा कैबिनेट मिनिस्टर नितिन गडक़री से भी मिले और उन्होंने उनका यह एलिवेटेड सेक्शन वाला मुद्दा बहुत ही उदार मन से सुनकर उस पर अपने कर्मचारियों को कार्यवाही करने के लिए बोला और एक ऑफिस आर्डर भी जारी किया। जिसमें एनएचएआई के कार्यालय को फिर से इस क्षेत्र का निरक्षण करके रिपोर्ट देने को कहाँ हैं।
हेमन्त शर्मा ने सभी से अनुरोध किया कि संगठित होकर इस विषय पर चर्चा करें और आवश्यकता अनुसार कार्यवाही करें। पंचायत में सर्वसम्मति से ये फ़ैसला लिया गया हैं कि सभी इस बात से सहमत हैं कि चंदावली बाईपास पुल पर एलिवेटेड सेक्शन का बनाया जाना बहुत ज़रूरी हैं। सभी गाँव के लोग एनएचएआई के प्रोजेक्ट निदेशक से मिलकर इस एलिवेटेड सेक्शन को बनवाने की माँग करेंगे और ज़रूरत हुई तो दुबारा से मुख्यमन्त्री व कैबिनेट मिनिस्टर नितिन गडक़री मिलेंगे। पंचायत में यह भी सहमति बनी की किसी भी क़ीमत पर मोहना रोड को ब्लॉक नहीं होने दिया जाएगा और एलिवेटेड सेक्शन के निरस्तीकरन की जानकारी को सभी मोहना रोड पर पडऩे वाले गाँव के लोगों के घर घर तक पहुँचाया जाएगा। ज़रूरत पडऩे पर इस मुद्दे को जन आन्दोलन बनाया जाएगा।
पंचायत में सेवानिवृत्त डीएसपी चंदरभान यादव, पूर्व सरपंच रचना शर्मा, मास्टर ऋषिपाल, मास्टर महावीर, ओ पी धनकर, मोहन डागर, जसवन्त पवार, सुरेश चौधरी, मदन सैनी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।



