राह चलती युवती से फोन छीनने वाले दो आरोपियों को क्राइम ब्रांच बॉर्डर ने किया गिरफ्तार

– छीना हुआ मोबाइल तथा वारदात में उपयोग मोटरसाइकिल बरामद

फरीदाबाद : डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा के द्वारा दिए गए दिशा निर्देश के तहत कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच बॉर्डर प्रभारी संदीप कुमार की टीम ने छीनाझपटी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में यतीश तथा हेमंत का नाम शामिल है। दोनों आरोपी फरीदाबाद के पल्ला के रहने वाले हैं और दोनों की उम्र 24 वर्ष है तथा स्कूल में एक साथ पढ़ते थे और दोनों आरोपी दोस्त हैं। 25 फरवरी को पल्ला थाने में स्नैचिंग की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था जिसने आरोपियों ने दिल्ली की रहने वाली एक युवती के साथ छीना झपटी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस को दी अपनी शिकायत में युवती ने बताया कि वह अगवानपुर शनि मंदिर रोड से पैदल-पैदल अपने घर जा रही थी कि आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और उसके हाथ से फोन पर झपट्टा मारकर उसका विवो कंपनी का मोबाइल फोन छीनकर ले गए जिसमें उसके दो सिम कार्ड थे। युवती की शिकायत के आधार पर थाने में मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को मोटरसाइकिल सहित बाईपास रोड से काबू कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यतीश पर इससे पहले हत्या का एक मुकदमा चल रहा है जिसमें वह कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। आरोपी हेमंत प्राइवेट नौकरी करता था परंतु अब उसकी नौकरी छूट चुकी थी और उसके पास करने के लिए कोई काम धंधा नहीं था तो दोनों दोस्तों ने स्नैचिंग करने की योजना बनाई। आरोपियों के कब्जे से युवती का छीना हुआ मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस पूछताछ पूरी होने के पश्चात दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!