भिवानी खनन हादसा : हरियाणा के डाडम खनन क्षेत्र में पहाड़ खिसकने से चार की मौत, बचाव कार्य जारी

भिवानी (हरियाणा) : भिवानी के खनन क्षेत्र डाडम में पहाड़ खिसकने से बड़ा हादसा हो गया है। गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि अभी तक चार लोगों की मौत हुई है, उनके शव मलबे से निकाले गए हैं। प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। गाजियाबाद से एनडीआरएफ की मधुबन से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। हिसार से आर्मी की एक यूनिट बुलाई गई है । देश के गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने इस बारे में उन्होंने मुख्यमंत्री हरियाणा से संपर्क कर जानकारी ली है।
भिवानी के डाडम में पहाड़ खिसकने की घटना के बाद से एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आर्मी की टीमों द्वारा बचाव कार्य लगातार जारी है। बचाव कार्य के दौरान मलबा हटाकर देर रात दो बजे एक और शव निकाला गया। मृतक की पहचान पंजाब के होशियारपुर जिले के दिनेश दत्त पुत्र केवल सिंह के रूप में हुई है।
अब मरने वालों की संख्या 4 हो गई है। बचाव दल द्वारा लगातार छोटे पत्थरों को हटाया जा रहा है और बड़े पत्थरों को काटने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ पत्थर बहुत ज्यादा बड़े हैं जिनको हल्के ब्लास्ट कर तोड़ा जाएगा। उसके बाद ही मलबा हटाया जा पाना संभव होगा।
रिपोर्ट खोलेगी अवैध खन्न की पोल : हरियाणा के डाडम क्षेत्र में हुए अवैध और अवैज्ञानिक खनन की पोल सेवानिवृत्त जस्टिस प्रीतम पाल कमेटी की अंतिम रिपोर्ट खोलने वाली है। कमेटी की ओर से जुटाई जा रही पहाड़ की सेटेलाइट इमेज में खनन ठेकेदार की पूरी कारगुजारी कैद है। जस्टिस प्रीतम पाल पूरे मामले पर अंतरिम रिपोर्ट एनजीटी को सौंप चुके हैं। इमेज मिलते ही अंतिम रिपोर्ट भी सौंप दी जाएगी। इसमें जिला प्रशासन की विरोधाभासी रिपोर्ट का भी भेद खुलेगा। जिला प्रशासन ने डाडम पहाड़ पर हुए अवैध व अवैज्ञानिक खनन को लेकर दो अलग-अलग रिपोर्ट सौंपी थी। दोनों आपस में मेल नहीं खाती थी, एक में बताया गया कि खनन गलत तरीके से हुआ है, जबकि दूसरी में कहा कि अवैध खनन के कोई साक्ष्य नहीं हैं।



